पंचकूला मर्डर मिस्ट्री का खुलासा: रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी की हत्या के मामले तीन आरोपी हुए गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क ः पंचकूला मर्डर मिस्ट्री का पुलिस ने घंटे में खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि पंचकूला में रिटायर्ड कैप्टन की पत्नी के हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंचकूला पुलिस ने घरेलू सहायिका सुनीता देवी, उसका पति शंकर और बेटा राजा को गिरफ्तार किया है। हत्या के इस मामले की की गई कार्रवाई की जानकारी पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) अदिति सिंह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दी। फिलहाल तीनों आरोपियों को कल पंचकूला पुलिस द्वारा डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पंचकूला पुलिस उपायुक्त अदिति सिंह ने बताया कि 3 अगस्त को सेक्टर-21 पुलिस चौकी में कैप्टन मनमोहन लाल मेहता ने अपनी पत्नी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनके घर से सोने के कुछ आभूषण गायब थे और उनकी पत्नी को घर में काम करने वाली महिला पर चोरी का संदेह था। शिकायत के आधार पर पुलिस टीम संदिग्ध महिला के घर पहुंची और तलाशी अभियान चलाया। घर के अंदर कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन जब पुलिस छत पर पहुंची तो वहां एक चादर के नीचे कैप्टन मनमोहन लाल मेहता की पत्नी नीरा मेहता का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद चौकी प्रभारी दीदार सिंह ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी। थाना पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू की। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने सुनीता देवी, उसके पति शंकर और बेटे राजा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच के बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में सुनीता देवी ने अपने ऊपर लगे आभूषण चोरी के आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसने कोई चोरी नहीं की और महिला की मौत फिसलने के कारण हुई। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।