डिजिटल डेस्क , लखनऊ: कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लोगों की आवाज को एक मंच पर लाने के लिए ‘सत्याग्रह’ अभियान शुरू किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए देशभर के लोगों से अपने साथ हुए अन्याय और अपने संघर्ष की कहानी साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य अलग-अलग संघर्षों की आवाजों को एक मंच पर लाना है
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर ‘सत्याग्रह’ नामक पहल की घोषणा की। इसमें उन्होंने उन लोगों से संपर्क साधा है जो किसी अन्याय का सामना कर रहे हैं और अकेले संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने देशभर के लोगों से कहा है कि अगर वे किसी गलत बात या अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं तो अपनी कहानी उनके साथ साझा करें। लोगों की ये कहानियां एक नक्शे पर दिखाई जाएंगी। राहुल गांधी ने X पर लिखा देशभर में Gen-Z, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अपने हक के लिए लड़ रहे हैं, लेकिन अकेली उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है। उन्होंने सत्याग्रह को इन्हीं आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने की पहल बताया है। राहुल गांधी ने एक लिंक जारी कर लोगों से अपील की कि वे अपना सत्याग्रह और अपनी कहानी उन्हें बताएं। इसके बाद उसकी कहानी एक डिजिटल मैप पर दिखाई जाएगी। उनका कहना है कि इससे लोगों को यह भी पता चल सकेगा कि देश के अन्य हिस्सों में कौन-कौन समान मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है।
बता दे कि राहुल गांधी ने महात्मा गांधी का हवाला देते हुए कहा कि बापू ने सत्य को सबसे बड़ा हथियार सिखाया था, लेकिन उससे भी बड़ा हथियार एकता में सत्य के साथ खड़े होना है। राहुल गांधी ने अपील की कि जो लोग किसी अन्याय से लड़ रहे हैं, वे अपनी कहानी भेजें। इसमें करीब दो मिनट लगेंगे। कांग्रेस ने दावा किया कि वह सत्य और न्याय की लड़ाई में लोगों के साथ खड़ी रहेगी और जहां संभव होगा और वहां सहयोग भी प्रदान करेगी।
