डिजिटल डेस्क : वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार सुबह हड़कंप मच गया। बता दें कि रविवार सुबह हथियार की जांच के दौरान यात्री की बंदूक से अचानक गोली चल गई। गोली लगने से एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच करने वाली दो कर्मी घायल हो गईं। सूत्रों के अनुसार घायल महिला का नाम सुमन कुमारी और युवक का नाम रोहित राज है। दोनों घायलों को एंबुलेंस से हरहुआ स्थित न्यू लक्ष्मी ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को भी दे दी गई है।
एयरपोर्ट निदेशक के अनुसार, 16 अगस्त यानी रविवार सुबह करीब 9:30 बजे मुंबई जाने वाली उड़ान संख्या IX-1810 से यात्रा करने वाले एक यात्री ने अपनी पत्नी के साथ सफर के लिए हथियार घोषित किया था। विमान में ले जाने के लिए घोषित हथियार की जांच एयरपोर्ट पर सुरक्षा कर्मियों की ओर से की जा रही थी। इसी दौरान यात्री के हथियार से एक राउंड फायर हो गया। गोली की चपेट में आने से AAICLAS के दो स्क्रीनर्स घायल हो गए हैं। गोली चलने के बाद एयरपोर्ट परिसर में तत्काल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
फायर होने की स्थिति की जांच में जुटी पुलिस
अधिकारियों के मुताबिक घटना के बाद यह जांच की जा रही है कि हथियार से गोली किन परिस्थितियों में चली। हथियार यात्री के पास कैसे सुरक्षित तरीके से रखा गया था और जांच के दौरान फायर होने की वजह क्या रही, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। एयरपोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां यात्री, हथियार और घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही हैं। अधिकारियों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

