राघव दुबे,संवाददाता
फर्रुखाबाद। सोमवार दोपहर कमालगंज क्षेत्र में एक बड़ा रेल हादसा टल गया। रेलवे ट्रैक पार कर रही खाद की बोरियों से लदी एक साइकिल अचानक ट्रैक के बीचों-बीच फंस गई, जिससे गोरखपुर से साबरमती जा रही एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 19410 की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। लोको पायलट की सूझबूझ और इमरजेंसी ब्रेक के इस्तेमाल से एक बड़ा हादसा टल गया।
गोरखपुर से साबरमती जाने वाली 19410 एक्सप्रेस ट्रेन सोमवार दोपहर करीब 3:07 बजे कमालगंज रेलवे स्टेशन से गुजर रही थी, तभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने पोल संख्या 121/9 और 121/10 के बीच एक किसान खाद की बोरियां लदी साइकिल के साथ ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान उसकी साइकिल ट्रैक के बीच में फंस गई। दूर से तेज रफ्तार ट्रेन को अपनी ओर आता देख किसान घबरा गया और वह अपनी साइकिल तथा खाद की बोरियां ट्रैक पर ही छोड़कर मौके से फरार हो गया।
कुछ ही पलों में ट्रेन ने साइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल इंजन में फंसकर करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई, जबकि खाद की बोरियां फटकर ट्रैक पर बिखर गईं और एक बोरी रेलवे लाइन के किनारे जा गिरी। ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दी, जिससे ट्रेन रुक गई। ट्रेन रुकने के बाद लोको पायलट ने नीचे उतरकर इंजन और ट्रेन के निचले हिस्से की बारीकी से जांच की। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। करीब 15 मिनट तक चले इस घटनाक्रम के बाद सुरक्षा का जायजा लेकर ट्रेन को सुरक्षित फर्रुखाबाद की ओर रवाना किया गया।
