अपराधफर्रुखाबाद

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, अत्यधिक नशे से मौत की आशंका

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव, अत्यधिक नशे से मौत की आशंका

राघव दुबे, संवाददाता
फर्रुखाबाद। जिले के कमालगंज कस्बे में सोमवार सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। आरपी डिग्री कॉलेज के मैदान के पास प्रवेश द्वार के निकट फुटपाथ पर 32 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी और दरोगा कमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की पहचान कराने की कोशिश की। इस दौरान कस्बे के रहने वाले खुर्शीद ने युवक को पहचान लिया और तुरंत उसके परिजनों को फोन पर सूचना दी।
सूचना पाकर लगभग आठ बजे मृतक के चाचा कुंवरपाल और भाई अजीत घटनास्थल पर पहुंचे और शव की शिनाख्त जहानगंज थाना क्षेत्र के बंदरखेड़ा निवासी दीपचंद्र पाल (32) पुत्र राकेश चंद्र के रूप में की।
चाचा कुंवरपाल ने बताया कि दीपचंद्र शराब पीने का आदी था। वह करीब 12 दिन पहले शराब के नशे में घर पर विवाद करने के बाद घर से निकल गया था और वापस नहीं लौटा था। उसके परिवार में पत्नी सरोज देवी, मां मीरा देवी, 10 वर्षीय बेटा लकी, 12 वर्षीय बेटी नेहा और 7 वर्षीय बेटी प्रिया हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महरुपुर राबी से कच्ची शराब पीने के बाद उसकी मौत हुई है।
इस संबंध में थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।