देशदिल्ली

GIMS : आउटसोर्स कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरने पर जाने की जारी चेतावनी

GIMS : आउटसोर्स कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरने पर जाने की जारी चेतावनी

डिजिटल डेस्क : ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) प्रशासन के खिलाफ आउटसोर्स कर्मचारियों ने एक बार फिर से बगावत का ऐलान कर दिया है। इससे अब जिम्स प्रशासन के हाथ पैर फूलने शुरू हो गए हैं। बता दें कि आउटसोर्स कर्मचारियों ने मांगों को पूरी नहीं होने पर 17 अगस्त से अनिश्चितकालीन धरने पर जाने की चेतावनी जारी कर दी है। कर्मचारियों का आरोप है कि उन्हें जिलाधिकारी मेधा रुपम और जिम्स निदेशक डा. बिग्रेडियर राकेश गुप्ता की ओर से बैठक में आश्वासन दिया गया था, कि मांगों को पूरा किया जाएगा, लेकिन एक माह से अधिक का समय बीत गया है। इसके बाद भी एक मांग पूरी नहीं हुई है। इस दौरान कई जिम्स निदेशक के साथ वार्तालाप भी की गई, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। मांगे पूरी हुईं नहीं और भर्ती नई निकाल दी गई। कर्मचारियों का आरोप है कि अब वह तब तक धरने पर रहेंगे, जब तक मांगे पूरी नहीं हो जाती हैं।

बता दें कि जिम्स प्रशासन प्रशासन के खिलाफ आउटसोर्स कर्मचारियों ने 15 जून को प्रदर्शन शुरू किया था। यह प्रदर्शन 30 जून तक चला था। इस दौरान पुलिस प्रशासन और प्रदर्शन पर बैठे कर्मचारी आमने-सामने भी आए। पुलिस ने हटाने के लिए बल का प्रयोग भी किया। इस बीच प्रदर्शन पर बैठे कर्मियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगाया था। इसके कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इस बीच पुलिस ने भी वीडियो जारी कर कहा था, कि उनकी ओर से लाठीचार्ज नहीं किया गया है। वहीं जिम्स प्रशासन और जिला प्रशासन कर्मचारियों को समझाने की कोशिश में लगा हुआ था। हालांकि लंबी चली वार्तालाप के बाद 30 जून को धरना समाप्त हो गया था और एक जुलाई को कर्मचारी काम पर वापस आ गए थे। वहीं अब कर्मचारियों का आरोप है कि उनको दिए गए आश्वासन के आधार पर अभी तक एक मांग भी पूरी नहीं हुई है। पुलिस की ओर कर्मचारियों पर की गई कार्रवाई को भी वापस नहीं लिया गया है। न ही उन्हें संविदा या परमानेंट रखे जाने पर कोई उचित जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा भर्ती निकाल दी गई है। इससे उन लोगों के साथ विश्वासघात किया जा रहा है। वहीं कर्मचारियों ने रविवार को सोशल मीडिया पर पोस्टर जारी कर 17 अगस्त से धरने पर बैठने की चेतावनी जारी की गई है।