- एनडीटीए ने दुकानदारों, कार्यालयों और रेस्टोरेंट संचालकों को जारी किया सुरक्षा परामर्श
- 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर सतर्क रहने और एहतियातन प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : मध्य दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर कनॉट प्लेस के दुकानदारों, कार्यालयों और रेस्टोरेंट संचालकों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। नई दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन (एनडीटीए) ने परामर्श जारी कर सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को शनिवार को सुरक्षा के लिहाज से बंद रखने की अपील की है।
एनडीटीए के महासचिव विक्रम बधवार की ओर से जारी परामर्श में कहा गया है कि अधिकारियों की सलाह और कनॉट प्लेस के आसपास की स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया जा रहा है। प्रतिष्ठान संचालकों से सतर्क रहने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए एहतियातन दुकानें, कार्यालय और रेस्टोरेंट बंद रखने का अनुरोध किया गया है।
परामर्श में कहा गया है कि प्रस्तावित प्रदर्शन के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचने और लोगों को चोट लगने की आशंका से बचने के लिए सभी प्रतिष्ठान संचालक निर्देशों में सहयोग करें। हालांकि, जारी परामर्श में प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील एनडीटीए की ओर से की गई है। इसे प्रशासन की ओर से जारी अनिवार्य बंदी का आदेश नहीं बताया गया है।
