कारोबारदिल्ली

दिल्ली में प्रदर्शन के चलते 10 अक्टूबर को रेल यातायात प्रभावित, दिल्ली आने वाली 45 ट्रेनें रद

दिल्ली में प्रदर्शन के चलते 10 अक्टूबर को रेल यातायात प्रभावित, दिल्ली आने वाली 45 ट्रेनें रद
  • नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों पर पड़ेगा असर
  • मध्य दिल्ली में सुबह चार से दोपहर दो बजे तक प्रस्तावित प्रदर्शन और यातायात परामर्श के चलते लिया गया निर्णय
  • 9, 10 और 11 अक्टूबर को चलने वाली अलग-अलग ट्रेनों के परिचालन पर असर

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : मध्य दिल्ली में 10 अक्टूबर को प्रस्तावित प्रदर्शन और यातायात संबंधी परामर्श के मद्देनजर दिल्ली क्षेत्र में रेल परिचालन प्रभावित रहेगा। इसके चलते नई दिल्ली, हजरत निजामुद्दीन और तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर आने वाली कुल 45 ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया गया है। प्रदर्शन के कारण 10 अक्टूबर को सुबह चार बजे से दोपहर दो बजे तक यातायात व्यवस्था प्रभावित रहने की संभावना है।

रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार, 9, 10 और 11 अक्टूबर को चलने वाली विभिन्न ट्रेनों को रद किया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, झारखंड और महाराष्ट्र से दिल्ली आने वाली ट्रेनें शामिल हैं। इससे इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

प्रमुख रद ट्रेनें

रद की गई ट्रेनों में डॉ. आंबेडकर नगर-नई दिल्ली (20155), इंदौर-नई दिल्ली (12415), बांद्रा टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन (12247), साबरमती-नई दिल्ली (12957), देहरादून-नई दिल्ली (12056), दादलतपुर चौक-नई दिल्ली (12058), जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन (22181, 12189 और 12121), बनारस-नई दिल्ली (12559 और 12581), लखनऊ-नई दिल्ली (82501, 12419, 12229 और 12429) तथा प्रयागराज-नई दिल्ली (12417 और 12275) शामिल हैं।

इसके अलावा कानपुर-नई दिल्ली (12033 और 12451), हावड़ा-नई दिल्ली (12301), सियालदह-नई दिल्ली (12313), राजेंद्र नगर टर्मिनल-नई दिल्ली (12309, 12393 और 22361), रांची-नई दिल्ली (12877), श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली (12446, 22462 और 04082), जम्मू तवी-नई दिल्ली (12426), अमृतसर-नई दिल्ली (12014), कालका-नई दिल्ली (12006), कोटा-हजरत निजामुद्दीन (12059) और उदयपुर सिटी-हजरत निजामुद्दीन (12964) की ट्रेनें भी सूची में शामिल हैं।

इन ट्रेनों पर भी असर

सूची में कसगंज-नई दिल्ली (15303), रोहतक-नई दिल्ली (15306), सोगरिया-नई दिल्ली (20451), आगरा कैंट-नई दिल्ली (14211), मणिकपुर-हजरत निजामुद्दीन (12447), छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस-हजरत निजामुद्दीन (22221), रानी कमलापति-हजरत निजामुद्दीन (12155), सिरसा-तिलक ब्रिज (15308) और श्रीगंगानगर-तिलक ब्रिज (14727) की ट्रेनें भी शामिल हैं।

रेलवे यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने के बाद परेशानी न हो।