शिक्षाफर्रुखाबाद

यूपी की इस जिले की डीएम ने युवाओं को इस लत से दूर करने के लिए उठाया खास कदम, जानिए क्या कुछ बोलीं…

यूपी की इस जिले की डीएम ने युवाओं को इस लत से दूर करने के लिए उठाया खास कदम, जानिए क्या कुछ बोलीं…

सत्यम कटियार, संवाददाता

फर्रुखाबाद : जिलाधिकारी डॉ अंकुर लाठर की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय NCORD (नारकोटिक्स कॉर्डिनेशन सेंटर) की जिला स्तरीय समिति की बैठक कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जनपद में नशीली दवाओं एवं नारकोटिक्स पर प्रभावी नियंत्रण, प्रवर्तन कार्यवाहियों की समीक्षा तथा जन जागरूकता कार्यक्रमो को और अधिक प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक जिला आबकारी अधिकारी, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कृषि अधिकारी, विशेष अधिवक्ता NDPS, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, नारकोटिक्स सेल प्रभारी सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बैठक में निर्देशित किया कि जनपद में नशीली दवाइयों एवं नारकोटिक्स के प्रयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देश दिए कि विद्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, समितियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्त भारत अभियान चलाया जाए। बैठक में नारकोटिक्स से संबंधित दर्ज अभियोगों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदया ने पुलिस विभाग, अभियोजन विभाग एवं आबकारी विभाग को प्रभावी प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा अभियोजन संबंधी कार्यवाहियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

समाज कल्याण विभाग को जनपद में नशीले पदार्थों एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने हेतु विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया कि जनपद के समस्त विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने हेतु शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही नुक्कड़ नाटक, पोस्टर प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं में जागरूकता बढ़ाई जाए।

चिकित्सा विभाग एवं औषधि प्रशासन विभाग को समस्त मेडिकल स्टोरों की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा प्रतिबंधित एवं नशीली दवाओं की अवैध बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक उपरांत जिलाधिकारी महोदया ने कहा कि युवाओं को नशीली दवाओं एवं नारकोटिक्स के नशे की गिरफ्त से बचाना समाज एवं प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा इस दिशा में सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें।