अपराधकानपुर

कानपुर में 24 घंटे में चेन स्नैचिंग का खुलासा,दो शातिर गिरफ्तार,लूटी गई चेन भी बरामद

कानपुर में 24 घंटे में चेन स्नैचिंग का खुलासा,दो शातिर गिरफ्तार,लूटी गई चेन भी बरामद

डिजिटल डेस्क , कानपुर : रेलबाजार थाना पुलिस ने महिला से चेन लूटने की घटना का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन भी बरामद कर ली है।

कानपुर के रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत सीओडी पुल के पास मंदिर दर्शन करने जा रहे बुजुर्ग दंपती से हुई लूट का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण कर दिया है । 2 अक्टूबर की सुबह कृष्णा नगर निवासी नीलम जैन अपने पति के साथ स्कूटी पर सवार होकर जैन मंदिर, जनरलगंज जा रही थीं। सुबह करीब 6:20 बजे जैसे ही वे सीओडी पुल से उतरकर हनुमान मंदिर के पास पहुंचीं, पीछे से सफेद मोटरसाइकिल पर आए दो अज्ञात युवकों ने उनके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। इस छीना-झपटी में पीड़िता को चोट भी आई जिसे पुलिस ने तुरंत मेडिकल के लिए भेजा। पीड़िता की तहरीर पर रेलबाजार थाने में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की विशेष टीमों को लगाया गया। पुलिस ने घटनास्थल और उसके आसपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों, विशेषकर ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत स्थापित कैमरों की फुटेज को खंगाला। तकनीकी साक्ष्यों और कैमरों की मदद से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली और त्वरित दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान योगेश उर्फ अंकित कश्यप निवासी घाऊखेड़ा थाना चकेरी और दानिश निवासी मैकूपुरवा थाना जाजमऊ के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी दानिश के खिलाफ पूर्व में वर्ष 2023 में चकेरी थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। एसीपी कैंट प्रियंका बाजपेई ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर ली है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।