ब्रेकिंग न्यूज़गौतम बुद्ध नगर

नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 90 किलो मूंगफली और 33 किलो साबूदाना सीज

नवरात्र से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, 90 किलो मूंगफली और 33 किलो साबूदाना सीज
  • नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट में विभिन्न प्रतिष्ठानों से लिए गए सात खाद्य पदार्थों के नमूने
  • प्रथम दृष्टया गुणवत्ता खराब होने और मिलावट व गलत लेबलिंग की आशंका पर 24.5 लीटर घी भी किया सीज

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर: शारदीय नवरात्र से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की अलग-अलग टीमों ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इस दौरान गुणवत्ता खराब होने, मिलावट और गलत लेबलिंग की आशंका के चलते 90 किलोग्राम मूंगफली दाना, 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी सीज किया गया।

जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान का उद्देश्य नवरात्र के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराना है। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और विजय बहादुर पटेल की टीम ने इकोटेक-3 स्थित सेरेलेक प्राइवेट लिमिटेड की निर्माणशाला से गाय के घी का नमूना लिया। चिपियाना बुजुर्ग स्थित सोनू किराना स्टोर से व्रत के आटे और लाला जय सिंह किराना स्टोर से मूंगफली दाने का नमूना लिया गया। लाला जय सिंह किराना स्टोर पर करीब 40 किलोग्राम मूंगफली दाने की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया खराब प्रतीत होने पर उसे सीज कर दिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी ओपी सिंह और रविंद्र नाथ वर्मा की टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पथवाड़ी स्थित विकास ट्रेडिंग कंपनी से मूंगफली दाने का नमूना लिया। यहां करीब 50 किलोग्राम मूंगफली दाना सीज किया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज की टीम ने सेक्टर-104 नोएडा स्थित आरएम नोएडा हाइपरमार्केट से साबूदाना और घी के नमूने लिए। यहां प्रथम दृष्टया मिलावटी और गलत लेबलिंग वाला प्रतीत होने पर 33 किलोग्राम साबूदाना और 24.5 लीटर घी सीज किया गया।

इसके अलावा खाद्य सुरक्षा अधिकारी विशाल कुमार गुप्ता और रितु सक्सेना की टीम ने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित बालाजी किराना स्टोर से मूंगफली दाने का नमूना लिया। इस तरह कुल सात नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।

खरीद बिल रखने के निर्देश

खाद्य विभाग ने सभी खाद्य सामग्री विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे लाइसेंसधारी या पंजीकृत आपूर्तिकर्ताओं से ही खाद्य सामग्री खरीदें और उसका बिल सुरक्षित रखें। सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि, बैच नंबर और अन्य जरूरी विवरणों की जांच करने के बाद ही उसे ग्राहकों को बेचें।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर आगे भी अभियान जारी रहेगा। खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी, ताकि उपभोक्ताओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।