डिजिटल डेस्क, लखनऊ : प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट का एक मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में एक चौकी प्रभारी को सड़क पर बैठे हुए देखा जा सकता है, जबकि एक युवक उनके पीछे बैठकर उन्हें पकड़े हुए नजर आ रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल मच गई। जानकारी के मुताबिक, रविवार को बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी विनय पटेल किसी मामले को लेकर मौके पर पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने कथित तौर पर उन्हें खदेड़ दिया और धक्का देकर जमीन पर गिरा दिया। आरोप है कि इसके बाद एक युवक ने चौकी प्रभारी को चोट पहुंचाई।
बताया जा रहा है कि युवक ने उनके सिर पर लोहे की मोटी चेन से वार किया, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर भैंस बांधने के लिए किया जाता है।
घटना के दौरान चौकी प्रभारी सड़क पर गिर गए। तस्वीर में उनके कपड़े धूल से सने दिखाई दे रहे हैं। वहीं, एक युवक उन्हें पीछे से पकड़े हुए नजर आ रहा है। घटना की तस्वीर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिसकर्मी के साथ हुई इस घटना को लेकर पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस की ओर से घटना के कारणों और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में विवाद इतना बढ़ गया कि चौकी प्रभारी के साथ मारपीट की नौबत आ गई। फिलहाल घटना से जुड़े आरोपों की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने कानून-व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।

