अपराधहरियाणा

अंकित बलियान हत्याकांड: भोलू शाहपुरिया के घर पर कुर्की, एसी-टीवी से लेकर जिम का सामान तक ले गई पुलिस

अंकित बलियान हत्याकांड: भोलू शाहपुरिया के घर पर कुर्की, एसी-टीवी से लेकर जिम का सामान तक ले गई पुलिस
  • एक लाख का इनामी भोलू लंबे समय से फरार, न्यायालय के आदेश पर हुई कार्रवाई
  • हत्याकांड के तीन फरार आरोपितों के घरों से भी कुर्क की गई संपत्ति

डिजिटल डेस्क, सोनीपत: हरियाणवी सिंगर अंकित बलियान हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपित राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया पर पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। न्यायालय के आदेश पर शामली पुलिस ने रविवार को शाहपुर तुर्क स्थित उसके मकान की संपत्ति कुर्क की। पुलिस टीम घर से डबल बेड, सेफ, एसी, एलईडी टीवी, वाशिंग मशीन, संदूक और जिम का सामान समेत अन्य कुर्क योग्य सामान ले गई।

अंकित बलियान की 26 अगस्त की शाम शामली के नालापटरी स्थित फिटनेस जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इंटरनेट मीडिया पर हत्या की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट सामने आई थी। पोस्ट में भोलू शाहपुरिया ने हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था। पुलिस ने पोस्ट की तकनीकी जांच करते हुए उससे जुड़े मोबाइल नंबर और अन्य संपर्कों की पड़ताल शुरू की थी।

वारंट के बाद फरारी की उद्घोषणा

पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में भोलू के खिलाफ कैराना स्थित मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत से गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। गिरफ्तारी नहीं होने पर न्यायालय ने उसकी फरारी की उद्घोषणा की। इसके बावजूद उसके न्यायालय के समक्ष पेश नहीं होने पर तीन अक्टूबर को भोलू समेत तीन फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्क करने के आदेश जारी किए गए। इसी आदेश के तहत रविवार को पुलिस टीम ने शाहपुर तुर्क पहुंचकर कार्रवाई की। भोलू की गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित बताया गया है।

दो अन्य फरार आरोपितों की संपत्ति भी कुर्क

पुलिस ने हत्याकांड में फरार चल रहे आर्यन संधू और सत्यम कादियान की संपत्ति भी कुर्क की। आर्यन के करनाल स्थित मकान से सेफ, वाशिंग मशीन, एसी, संदूक, एलईडी टीवी, इनवर्टर-बैटरी समेत अन्य सामान कुर्क किया गया। वहीं सत्यम कादियान के गोपीवाला डेरा स्थित मकान से सेफ, दीवान बेड, जिम का सामान, सोफा और डाइनिंग टेबल समेत अन्य संपत्ति कुर्क की गई।

दो आरोपित मुठभेड़ में मारे गए, एक जेल भेजा

पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल रहे मोहित और सुमित 31 अगस्त को हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गए थे। वहीं 30 सितंबर को रोहित उर्फ लाडला को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब भोलू शाहपुरिया समेत तीन फरार आरोपितों की संपत्ति कुर्क किए जाने के बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है।