अपराधगौतम बुद्ध नगर

गौतमबुद्ध नगर : पुलिस ने 1.48 करोड़ की चोरी का किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

गौतमबुद्ध नगर : पुलिस ने 1.48 करोड़ की चोरी का किया खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : नोएडा के सेक्टर-20 थाना पुलिस ने बड़ी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 करोड़ 48 लाख रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल ऑरा कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अवनीश कुमार, पवन उर्फ शिवम उर्फ कांचा, जितेन्द्र कुमार, सुमित कुमार, अनिल कुमार और नीशू चौहान के रूप में हुई है। सभी आरोपी अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और एटा के रहने वाले बताए गए हैं।


पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी अवनीश कुमार अपने तीन अन्य साथियों के साथ सीए फर्म चलाता है और निवेश के नाम पर लोगों से पैसा लेकर काम करता था। बताया गया है कि अवनीश को निवेश की गई रकम वापस नहीं मिल रही थी। इसी दौरान आशीष द्वारा निवेशक उपलब्ध कराने के नाम पर ली गई रकम को लेकर चोरी की योजना बनाई गई। आरोप है कि अवनीश ने अपने पांच साथियों और रिश्तेदारों के साथ मिलकर सेक्टर-25 नोएडा स्थित आशीष की गैराज से रकम चोरी की। इसके बाद आरोपी कार से फरार हो गए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से आरोपियों को रजनीगंधा चौराहे से फिल्मसिटी की ओर जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में पवन, अनिल और जितेन्द्र का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इनके खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सेक्टर-20 पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। 1.48 करोड़ रुपये की बरामदगी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।