डिजिटल डेस्कः जनपद कौशांबी में लगातार हो रही भारी बारिश को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बरसात के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के मद्देनजर जनपद के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की गई है कि अत्यधिक आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें और बारिश के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहें।
प्रशासन ने लोगों को जलभराव वाले क्षेत्रों, निचले इलाकों और जर्जर भवनों से दूर रहने की सलाह दी है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

