देशलखनऊ

मछली भोज विवाद पर अजय राय का पलटवार, तस्वीर दिखाइए तुरंत इस्तीफा दे दूंगा

मछली भोज विवाद पर अजय राय का पलटवार, तस्वीर दिखाइए तुरंत इस्तीफा दे दूंगा

रवि शर्मा , उत्तर प्रदेश: अयोध्या में निषाद समाज के एक कार्यक्रम में हुए मछली भोज को लेकर छिड़े सियासी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भाजपा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आरोपों पर तीखा पलटवार किया है। अजय राय ने कहा कि यदि कोई उनकी मछली खाते हुए तस्वीर या वीडियो दिखा दे तो वह तत्काल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने को तैयार हैं।

अयोध्या के तरुण क्षेत्र में निषाद समाज द्वारा आयोजित एक स्वागत कार्यक्रम में अजय राय शामिल हुए थे। कार्यक्रम में मछली भोज की व्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रायबरेली में एक कार्यक्रम के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस पर धार्मिक आस्थाओं के अपमान का आरोप लगाया। विवाद बढ़ने पर अजय राय ने कहा कि वह केवल निषाद समाज के निमंत्रण पर कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वहां क्या भोजन बनाया गया, यह आयोजकों का विषय है। अजय राय ने कहा, “मुख्यमंत्री के पास अगर मेरी मछली खाते हुए कोई तस्वीर है तो उसे सार्वजनिक करें। अगर ऐसा कोई प्रमाण सामने आ जाए तो मैं तुरंत अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा।”

कांग्रेस का कहना है कि भाजपा इस मुद्दे को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दे रही है, जबकि भाजपा इसे सावन माह और अयोध्या की धार्मिक मर्यादाओं से जोड़कर कांग्रेस पर हमला बोल रही है। इसी को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।