डिजिटल डेस्क: उत्तरकाशी में भारी बर्फबारी और लगातार बारिश से हालात गंभीर बने हुए हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम बिगड़ने और भारी बर्फबारी के बीच करीब 136 पर्वतारोही और ट्रेकर्स के फंसने की सूचना है। बर्फबारी प्रभावित ऑडेन कोल क्षेत्र से सभी 29 ट्रैकर्स का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, हर्षिल हेलीपैड पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी ट्रैकर्स को स्वस्थ पाकर सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। वहीं, कालिंदी पास क्षेत्र में हेली रेस्क्यू अभियान जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी मे फंसे ट्रैकर्स के संबंध में सचिव, आपदा प्रबंधन से जानकारी ली।
उत्तराखंड के उत्तरकाशी में उच्च हिमालयी क्षेत्र में फंसे 36 ट्रेकर्स का सफल रेस्क्यू, बर्फबारी में फंस गए थे 136 पर्वतारोही उच्च हिमालयी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण फंसे 36 ट्रैकर्स को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित निकाल लिया गया है। रेस्क्यू अभियान युद्धस्तर पर जारी है और 8 हेलीकॉप्टर लगे है। सूचना पर जिला प्रशासन ने तत्काल रेस्क्यू आपरेशन को कार्ययोजना बनाई। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने मौसम की स्थिति को देखते हुए हेली सेवाओं को पूरी तरह अलर्ट रहने आवश्यकता पड़ने पर हवाई रेस्क्यू शुरू करने के निर्देश दिए थे। ऑडेन कोल के बाद कालिंदी पास क्षेत्र में भी हेली रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। खराब मौसम के कारण उत्तरकाशी के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 136 पर्वतारोही, ट्रैकर और सहयोगी कर्मचारी मौजूद थे। इनमें कालिंदी पास आधार शिविर और ऑडेन कोल क्षेत्र के लोग भी शामिल हैं। बचाव अभियान में राज्य आपदा,पुलिस, सेना, स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित दलों की संयुक्त टीमें लगी हुई हैं। मौसम में सुधार के साथ हेलीकॉप्टरों से बचाव अभियान को गति दी जा रही है।
CM धामी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बचाए गए लोगों को आवश्यक चिकित्सीय सहायता, भोजन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आने वाला प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक राज्य का अतिथि है और उसकी सहायता करना सरकार का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री और पर्यटक की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए संबंधित विभाग पूरी सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिला प्रशासन के मुताबिक
उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में कुल 136 लोग मौजूद हैं। इनमें हाई अल्टीट्यूड एक्सपीडिशन के 89 सदस्य, कालिंदी पास बेस कैंप में हाई अल्टीट्यूड ट्रेकिंग के 18 सदस्य और ऑडन कोल पास बेस कैंप में 29 सदस्य शामिल हैं। सभी फंसे हुए ट्रेकर्स और पोर्टरों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा प्रबंधन से जुड़े विभागों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था और रेस्क्यू ऑपरेशन को लेकर जरूरी निर्देश दिए हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रखा गया है और आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
