डिजिटल डेस्क, कन्नौज : तिर्वा-कन्नौज रोड स्थित बाबा साइकिल स्टोर पर दुकानदार और ग्राहक के बीच विवाद शांत कराने पहुंचे सादी वर्दी के सिपाही पर युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि सिपाही को दुकान के अंदर पीटने के बाद करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर मारपीट की गई। घटना में सिपाही के मुंह और नाक से खून निकल आया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
मंगलवार शाम दुकानदार और दुर्गानगर निवासी पप्पू के बीच विवाद चल रहा था। इसी दौरान सादी वर्दी में वहां से गुजर रहे सिपाही हर्ष ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि ग्राहक पक्ष ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में 30 से अधिक लोग मौके पर पहुंच गए और सिपाही से मारपीट शुरू कर दी। सिपाही ने पुलिसकर्मी होने की बात बताई, लेकिन आरोपी नहीं माने। जान बचाकर भाग रहे सिपाही को भी आरोपियों ने दौड़ाकर पीटा। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उसे बचाया और अस्पताल में भर्ती कराया।मामले में कस्बा इंचार्ज ज्ञानेंद्र सिंह की तहरीर पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं और 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 12 नामजद आरोपियों आशीष, अमित, अरविंद, अजय, राहुल, सूरज, छोटू उर्फ सोनू, अभिषेक, रामबाबू उर्फ पप्पू, गुरुवचन उर्फ ज्ञानी, दीपक और जगदीश को गिरफ्तार किया।वहीं 16 वर्षीय विनीत को बाल अपचारी के रूप में पकड़ा गया।गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों को ठठिया रोड चौराहे से पैदल जुलूस के रूप में कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुन्ना होटल के पास तक ले गई। इसके बाद सभी का मेडिकल परीक्षण कराकर न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।

