सत्यम कटियार, संवाददाता
फर्रुखाबाद : भ्रष्टाचार निवारण संगठन (विजिलेंस) की कानपुर इकाई ने बिजली विभाग के एक जेई और एसएसओ को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।
विजिलेंस के अनुसार गुरौरा क्षेत्र से जुड़े जेई अजीत राजपूत ने शिकायतकर्ता से नए बिजली कनेक्शन का एस्टीमेट बनाने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने जाल बिछाया और 33/11 विद्युत उपकेंद्र याकूतगंज स्थित कार्यालय में छापा मारकर जेई अजीत राजपूत तथा एसएसओ चन्द्रभान को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को कोतवाली फतेहगढ़ लाया गया, जहां पूछताछ की जा रही है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

