डिजिटल डेस्क : आनलाइन प्रतियोगी परीक्षाओं में हाइटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह परीक्षा केंद्रों तक फैले होने का खुलासा हुआ है। 31 जुलाई को नोएडा STF की ओर से गिरफ्तार किए गए एख आरोपी लोकेश से पूछताछ में सामने आया है कि नकल कराने वाला यह गिरोह सिर्फ अभ्यर्थियों को परीक्षा पास कराने तक सीमित नहीं था। STF के मुताबिक नेटवर्क से जुड़े आरोपी परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं और तकनीकी सिस्टम की जानकारी जुटाकर नकल कराते थे। पूछताछ में पता चला कि गिरोह से जुड़े आरोपियों के पास परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, कंप्यूटर सिस्टम और निगरानी तंत्र की विस्तृत जानकारी थी।
STF एसपी राजकुमार मिश्र ने बताया कि अलग-अलग प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए गिरोहों की जरूरत अलग होती थी। इसी के अनुसार इलेक्ट्रॉनिक उपकरण तैयार कर उपलब्ध कराए जाते थे। इससे लग रहा है कि यह कोई अस्थायी व्यवस्था नहीं बल्कि लंबे समय से चल रहा संगठित कारोबार था। अब STF यह पता लगा रही है कि सात-आठ वर्षों में कितनी परीक्षाओं तक यह नेटवर्क पहुंचा और कितने अभ्यर्थियों ने इसका इस्तेमाल किया है। ऐसे में जांच की एक कड़ी परीक्षा केंद्रों से जुड़े लोगों और पूर्व कर्मचारियों तक भी पहुंची है। STF यह देख रही है कि जिन केंद्रों पर नकल की शिकायत या संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, वहां तैनात कर्मचारियों, तकनीकी स्टाफ और अन्य लोगों का किसी आरोपी से संपर्क था या नहीं।
- दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा समेत कितनी भर्ती परीक्षाएं प्रभावित हुईं।
- पांच राज्यों में सक्रिय छह से अधिक गिरोहों तक स्क्रीन कैसे पहुंचीं।
- 2017 से अब तक कितनी परीक्षाओं में इन उपकरणों का इस्तेमाल हुआ।
- 92 स्क्रीन के अलावा अब तक कितने उपकरण और किस-किस को सप्लाई किए गए।
- क्या परीक्षा केंद्रों के अंदर भी नेटवर्क के संपर्क मौजूद थे।
बता दें कि लोकेश के पास से 92 मॉडिफाइड टीएफटी स्क्रीन बरामद की गई थी। एसटीएफ को पता चला है कि लोकेश वर्ष 2017 से इन स्क्रीन और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को तैयार कर अलग-अलग राज्यों में सक्रिय नकल गिरोहों को उपलब्ध करा रहा था। अब तक की जांच में उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और महाराष्ट्र में नेटवर्क होने की जानकारी मिली है। STF जांच में सामने आया है कि लोकेश खुद उपकरण तैयार करता था और जरूरत के मुताबिक नकल गिरोहों को सप्लाई करता था। नॉलेज पार्क स्थित परीक्षा केंद्र में 22 मई 2026 को एसएससी ऑनलाइन परीक्षा के दौरान हाईटेक नकल कराने के मामले का खुलासा हुआ था। प्रॉक्सी सर्वर और सर्वर हैकिंग के जरिये नकल कराने की कोशिश की जा रही थी। मामले में पहले सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद इंद्रजीत उर्फ योगी की गिरफ्तारी और पूछताछ में अलवर निवासी लोकेश का नाम सामने आया था।

