- ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित तीन दिवसीय वेटरन क्रिकेट लीग का हुआ शुभारंभ
स्पोर्ट्स डेस्क : ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में आयोजित तीन दिवसीय वेटरन क्रिकेट लीग (VCL) का शुक्रवार को आगाज हुआ। उम्र में अर्धशतक लगा चुके पुरुष क्रिकेटरों के साथ मैदान पर युवा महिला खिलाड़ियों ने भी चौके-छक्के लगाने के साथ ही विकेट चटकाती दिखीं। लीग के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए।
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में एनसीआर क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 169 रन बनाए। संजय सैनी ने पांच चौकों और दो छक्कों की मदद से 63 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। हिमाचल लीजेंड के गेंदबाज सोमेश ठाकुर ने दो विकेट हासिल किए। जवाब में खेलने उतरी हिमाचल लीजेंड की टीम आठ विकेट पर 108 रन ही जोड़ सकी। नरवीर ठाकुर ने 44 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। एनसीआर क्रिकेट टीम के गेंदबाज रवि ने दो विकेट झटके। एनसीआर ने मुकाबला 61 रन से जीत लिया। मैन आफ द मैच संजय सैनी को चुना गया।
—–
दूसरे मुकाबले में वीसीएल क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट पर 174 रन बनाए। धीरज कुमार ने महज 63 गेंदों पर तीन चौके और नौ छक्कों की मदद से नाबाद 113 रन की तूफानी शतकीय पारी खेली। जवाब में खेलने उतरी गुरुग्राम की टीम 153 रन पर ढेर हो गई। शरत शर्मा ने 42 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन वीसीएल क्लब के गेंदबाजों ने लगातार विकेट निकालकर जीत सुनिश्चित कर दी। शेखर पाठक और भारती ने तीन-तीन विकेट और पार्श्वी चोपड़ा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक लिया। धीरज कुमार को मैन आफ द मैच चुना गया। वहीं तीसरा मुकाबला हिमाचल लीजेंड और रेस्ट आफ इंडिया के बीच खेला गया।

