डिजिटल डेस्क, उत्तर प्रदेश : हापुड़ के गौरव त्यागी हत्याकांड में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में गोली लगने के दौरान .गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दो आरोपियों शुक्रवार को हापुड़ कचहरी में आत्मसमर्पण करने की फिराक में थे, जिन्हें पुलिस ने कचहरी गेट के पास से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने फायरिंग की, जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। तीनों आरोपी 18 अगस्त की दोपहर सरेराह गौरव की पीट-पीटकर हत्या करते दिख रहे हैं। राहगीरों ने इनकी वीडियो बनाई थी। बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर के रहने वाले गौरव त्यागी पुत्र फतेह सिंह की कुछ लोगों ने 18 अगस्त की दोपहर लाठी-डंडों और हथौड़ों से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। गौरव बाइक से जानलेवा हमले के एक मामले में अपने वकील से मिलने हापुड़ आ रहा था। रास्ते में आरोपितों ने उसे घेरकर हमला कर दिया था। एक राहगीर ने घटना का वीडियो भी मोबाइल में बना लिया था। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि मुठभेड़ में एक आरोपित प्रदीप घायल हुआ है, जबकि दो आरोपितों को तहसील के पास से गिरफ्तार किया गया है। बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही हैं।
बता दें कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गौरव के कूल्हे और रीढ़ की हड्डी पर आठ से दस बार वार किए जाने की पुष्टि हुई थी। हमले में कूल्हे और रीढ़ की हड्डी कई स्थानों से टूट गई थी। शरीर के अंदर अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हुई थी। मामले में गांव के सात लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस पहले ही राजवीर और जयपाल को गिरफ्तार कर चुकी थी, वहीं मुख्य आरोपी फरार चल रहे थे।
—
सादे कपड़ों में तैनात पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा –
पुलिस को सूचना मिली कि हत्याकांड के आरोपी कचहरी में आत्मसमर्पण करने पहुंच सकते हैं। पुलिस ने कचहरी परिसर के आसपास घेराबंदी कर दी। सादे कपड़ों में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए। मृतक के स्वजन भी आरोपियों की पहचान के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने कचहरी गेट के पास से दो आरोपितों अमित और कुलदीप को गिरफ्तार कर लिया।
गश्त के दौरान हुई मुठभेड़ में तीसरे आरोपी को किया गिरफ्तार
दो आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने फरार आरोपितों की तलाश तेज कर दी। देर शाम गश्त के दौरान पुलिस ने दोयमी गांव के पास तीसरे आरोपित प्रदीप को घेर लिया। पुलिस का दावा है कि आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

