देशगौतम बुद्ध नगर

रक्षाबंधन पर प्राइवेट वाहन संचालकों की मनमानी, तीन से चार गुना वसूला किराया

रक्षाबंधन पर प्राइवेट वाहन संचालकों की मनमानी, तीन से चार गुना वसूला किराया

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर। रक्षाबंधन के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की बढ़ी भीड़ के बीच प्राइवेट वाहन संचालकों ने किराये में मनमानी शुरू कर दी है। सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों से तीन से चार गुना तक किराया वसूला जा रहा है। इससे यात्रियों की जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। वहीं वाहनों की कमी के चलते यात्रियों को घंटों इंतजार भी करना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसें यात्रियों के लिए कुछ राहत लेकर आई हैं। बसों के आते ही कुछ ही मिनट में सीटें भर जा रही हैं। हालांकि, त्योहार के कारण सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से कई स्थानों पर जाम की स्थिति भी बनी हुई है।

सरकार की ओर से महिलाओं को तीन दिन तक निश्शुल्क यात्रा की सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद यात्रियों का आरोप है कि प्राइवेट बस और अन्य वाहन संचालक त्योहार को कमाई का जरिया बना रहे हैं। सामान्य दिनों में जिस सफर का किराया कम होता है, उसके लिए त्योहार पर कई गुना रकम वसूली जा रही है।

विज्ञापन (Advertisement)
Happy Rakshabandhan

यात्रियों का कहना है कि अधिक किराया लेने के बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। कई वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर ले जाया जा रहा है। इससे सफर के दौरान यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

परी चौक पर उमड़ी भीड़

बृहस्पतिवार सुबह से ही परी चौक गोलचक्कर पर यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। बसों और अन्य सार्वजनिक वाहनों के इंतजार में बड़ी संख्या में लोग खड़े रहे। वाहनों के आते ही उनमें सवार होने के लिए यात्रियों में आपाधापी की स्थिति बनती रही।

जीरो प्वाइंट पर भी यात्री बेहाल

जीरो प्वाइंट पर भी सैकड़ों यात्री वाहनों का इंतजार करते नजर आए। लंबे समय तक वाहन नहीं मिलने के कारण कुछ यात्रियों को मजबूरी में ट्रक और डीसीएम जैसे वाहनों से अपने गंतव्य की ओर जाते देखा गया। त्योहार पर बढ़ी भीड़ के बीच परिवहन व्यवस्था को लेकर यात्रियों में नाराजगी भी देखने को मिली।