- फिरोजशाह रोड स्थित आवास में वारदात के समय दिल्ली में नहीं थे सांसद और परिवार
- फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली: राजधानी के अति-सुरक्षित वीआइपी इलाके फिरोजशाह रोड स्थित राज्यसभा सांसद डा. राधा मोहन दास अग्रवाल के सरकारी आवास में चोरों ने सेंध लगा दी। कोठी नंबर-18 में हुई वारदात में आरोपित टैबलेट और अन्य सामान के साथ बाथरूम की टोटी भी उखाड़कर ले गए। घर के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी चोरी कर लिया गया। वारदात के समय सांसद और उनका परिवार दिल्ली में मौजूद नहीं था।
शनिवार शाम बाराखंभा रोड थाना पुलिस को कंट्रोल रूम के माध्यम से सरकारी आवास में चोरी की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और परिसर की जांच की। मामला सांसद के सरकारी आवास से जुड़ा होने के कारण फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाए।
सांसद के आने के बाद स्पष्ट होगी चोरी की पूरी तस्वीर
प्रारंभिक जांच में घर से टैबलेट, कुछ जरूरी सामान और बाथरूम की टोटी गायब मिली। इसके अलावा आवास के बाहर लगा गटर का ढक्कन भी नहीं मिला। चोरी गए सामान की पूरी सूची फिलहाल तैयार नहीं हो सकी है। सांसद के परिवार के सदस्य रविवार रात तक दिल्ली पहुंचेंगे। उनके आने के बाद घर में मौजूद सामान का मिलान किया जाएगा, जिसके बाद चोरी की पूरी सूची और अनुमानित कीमत स्पष्ट हो सकेगी।
सीसीटीवी से आरोपितों की तलाश
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए आरोपितों के आवास में प्रवेश करने और वारदात के बाद निकलने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और क्या चोरी से पहले आवास की रेकी की गई थी।
गटर का ढक्कन और बाथरूम की टोटी तक चोरी किए जाने के कारण पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस सीपीडब्ल्यूडी अधिकारियों से भी संपर्क कर रही है, ताकि चोरी हुए सामान और वारदात से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी मिल सके। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान में लगी है।
