ब्रेकिंग न्यूज़गौतम बुद्ध नगर

जीबीयू में देशभर के विधि विद्यार्थी दिखाएंगे कानूनी तर्क और वकालत का हुनर, 31 अक्टूबर से राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता

जीबीयू में देशभर के विधि विद्यार्थी दिखाएंगे कानूनी तर्क और वकालत का हुनर, 31 अक्टूबर से राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता
  • सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ करेंगे प्रतियोगिता का शुभारंभ
  • एक नवंबर को न्यायमूर्ति आगस्टीन जार्ज मसीह की मौजूदगी में होगा समापन

डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर : गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (जीबीयू) के स्कूल आफ ला, जस्टिस एंड गवर्नेंस की ओर से पांचवीं पीएन माथुर मेमोरियल राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ 31 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति विक्रम नाथ करेंगे। वहीं, एक नवंबर को होने वाले समापन समारोह में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति आगस्टीन जार्ज मसीह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

राष्ट्रीय स्तर की इस अकादमिक प्रतियोगिता में देश के विभिन्न विधि संस्थानों के विद्यार्थी हिस्सा लेकर न्यायिक प्रक्रिया, कानूनी तर्क-वितर्क, शोध और वाद-प्रस्तुतीकरण से जुड़े अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के दोनों प्रमुख समारोहों में सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्तियों की मौजूदगी से आयोजन को विशेष महत्व मिला है।

प्रतियोगिता का उद्देश्य विधि विद्यार्थियों में कानूनी ज्ञान के साथ तार्किक विश्लेषण, शोध क्षमता और प्रभावी वाद-प्रस्तुतीकरण का विकास करना है। मूट कोर्ट के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक न्यायालयीन परिस्थितियों के अनुरूप कानूनी मुद्दों का अध्ययन कर अपने तर्क प्रस्तुत करने का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा।

आयोजकों के अनुसार, यह प्रतियोगिता विद्यार्थियों को न्यायिक प्रक्रिया की बारीकियों को समझने और न्यायिक मूल्यों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने का अवसर देगी। साथ ही, आयोजन के माध्यम से विधि शिक्षा, अकादमिक जगत और न्यायिक क्षेत्र के बीच संवाद को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

प्रो. केके द्विवेदी ने कहा कि प्रतियोगिता विधि विद्यार्थियों को अपनी कानूनी समझ, तार्किक क्षमता और वाद-प्रस्तुतीकरण कौशल को निखारने के लिए महत्वपूर्ण मंच प्रदान करेगी। देशभर के विधि संस्थानों की भागीदारी से विद्यार्थियों को एक-दूसरे से सीखने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में अपनी क्षमताओं को परखने का अवसर मिलेगा।