अपराधहरियाणा

पुलिस पर फायरिंग कर जंगल में छिपे बदमाश, जवाबी कार्रवाई में दो को लगी गोली

पुलिस पर फायरिंग कर जंगल में छिपे बदमाश, जवाबी कार्रवाई में दो को लगी गोली
  • पंजाब के रहने वाले हैं घायल बदमाश, दो अन्य साथी भी गिरफ्तार
  • एक पिस्टल, कट्टा और कारतूस बरामद, आरोपितों पर पंजाब में दर्ज हैं करीब छह मुकदमे

डिजिटल डेस्क, हरियाणा : केएमपी एक्सप्रेसवे से दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग की ओर बढ़ रही संदिग्ध कार का पीछा कर रही पलवल क्राइम ब्रांच की टीम का शुक्रवार शाम पृथला गांव के पास बदमाशों से आमना-सामना हो गया। पुलिस से घिरता देख बदमाश छपरौला गांव के जंगल में घुस गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक पिस्टल, एक कट्टा और कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, कंट्रोल रूम से केएमपी रोड पर एक संदिग्ध स्विफ्ट कार के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद पलवल क्राइम ब्रांच की टीम सक्रिय हो गई। आरोपित जब केएमपी एक्सप्रेसवे से उतरकर दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मथुरा से दिल्ली की ओर बढ़ने लगे, तो पुलिस ने उनका पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख आरोपितों ने कार को गदपुरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत पृथला के पास छपरौला गांव के जंगल की ओर मोड़ दिया।

जंगल में छिपने के दौरान आरोपितों ने पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लग गई। घायल बदमाशों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पलवल में भर्ती कराया गया है।

पंजाब में दर्ज हैं करीब छह मुकदमे

घायल आरोपितों की पहचान पंजाब के बरवाला स्थित हाथी नगला निवासी लकी और नेपाल के नोरंगढ़ जिले के निवासी रोशन आचार्य के रूप में हुई है। रोशन वर्तमान में पंजाब के बरवाला में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ पंजाब में एनडीपीएस एक्ट और मारपीट से जुड़े करीब छह आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने मौके से उनके दो अन्य साथियों, बरवाला निवासी सनी और खुशप्रीत को भी गिरफ्तार किया है। चारों आरोपितों के खिलाफ गदपुरी थाने में हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। क्राइम ब्रांच आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क और किसी गैंग से उनके संबंधों की भी जांच कर रही है।