अपराधगुरुग्राम

अधिवक्ता से मारपीट पर भड़के वकील, गुरुग्राम जिला अदालत में न्यायिक कार्य ठप

अधिवक्ता से मारपीट पर भड़के वकील, गुरुग्राम जिला अदालत में न्यायिक कार्य ठप
  • जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने जस्टिस टावर में किया प्रदर्शन
  • आरोपितों की गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग

डिजिटल डेस्क, गुरुग्राम : अधिवक्ता परवीन बूरा के साथ मारपीट के मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज वकीलों ने शुक्रवार को गुरुग्राम जिला अदालत में न्यायिक कार्य स्थगित रखा। जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर अधिवक्ताओं ने जस्टिस टावर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की और सभी आरोपितों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग उठाई। वकीलों ने मामले की निष्पक्ष और जल्द जांच पूरी कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की भी मांग की।

जिला बार एसोसिएशन के प्रधान कुलभूषण भारद्वाज ने बताया कि अधिवक्ता परवीन बूरा 16 सितंबर की रात अपने गांव से जुड़ी बिजली की समस्या के संबंध में बिजली निगम के केंद्र पर गए थे। आरोप है कि वहां उनके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद से अधिवक्ताओं में रोष है। उनका कहना है कि मामले में अब तक सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी बढ़ रही है।

अन्य बार एसोसिएशन में भी न्यायिक कार्य स्थगित

कुलभूषण भारद्वाज ने बताया कि इस मामले को लेकर सफीदों, जींद जिला और नरवाना बार एसोसिएशन में भी 20 सितंबर से न्यायिक कार्य स्थगित है। इसके बावजूद कार्रवाई पूरी नहीं होने से अधिवक्ता असंतुष्ट हैं।

प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के उपप्रधान साहिल यादव, सचिव प्रशांत ठाकरान, संयुक्त सचिव विक्रम यादव सहित गजेंद्र तंवर, रणजीत सिंह भ्याना, ज्योति शर्मा, अंबुज श्रीवास्तव, योगिता, ज्योति पिपलानी, कपिल गलिया समेत अन्य अधिवक्ता शामिल रहे। उन्होंने मांग की कि सभी आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाए, जांच निष्पक्ष तरीके से पूरी हो और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।