रामप्रकाश श्रीवास्तव, संवाददाता, कानपुर देहात। कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने खाली पड़े घर एवं स्कूल को निशाना बनाकर हजारों रूपये का माल पर किया। चोरों ने भजपुरा गांव में कई दिनों से सूने पड़े मकान पर धावा बोल कर कमरे के अंदर रखे आभूषण, बर्तन, अनाज चोरी कर दिए तथा जाते समय कमरे की बिजली वायरिंग के तार भी निकाल ले गए। वहीं रैपालपुर गांव स्थित संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय में बेखौफ चोरों ने ताला तोड़कर कमरे के अंदर रखा टैबलेट साउंड एवं एमडीएम के बर्तन चोरी कर गायब कर दिए हैं। मंगलवार को वापस आए दंपति जैसे ही ताला खोलकर मकान के अंदर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर सन्न रह गए। चोरी की घटना की शिकार हुई पीड़ित महिला एवं विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। तहरीर मिलने पर पुलिस ने चोरी की दोनों घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के भुजपुरा गांव निवासिनी कमलेश कुमारी पत्नी ब्रजकिशोर निषाद ने पुलिस को तहरी देते हुए बताया कि वह काफी समय से बीमार चल रही है। बीमारी के कारण करीब दस दिनों पूर्व अपने भाई के यहां मस्वानपुर कानपुर उपचार कराने के उद्देश्य से अपने पति के साथ चली गई थी तब से वह वहीं पर रह रही थी। कई दिनों से मकान सूना पड़ा होने के कारण अज्ञात चोरों ने धावा बोलकर मकान के पीछे से छत पर चढ़कर जीने के सहारे नीचे उतर गए और अलमारी में रखी 200 ग्राम चांदी की पायल, हाफ पेटी, बच्चों की सोने की हाय, पीतल के बर्तन, गेहूं ,चावल के अलावा मकान के कमरों में कराई गई विद्युत वायरिंग के तार तक उखाड़ ले गए। वही चोरी की दूसरी घटना में संविलियन उच्च प्राथमिक विद्यालय रैपालपुर के प्रधानाध्यापक सुशील कुमार ने बताया कि प्रतिदिन की भांति सोमवार को विद्यालय की छुट्टी होने के बाद उन्होंने सभी कमरों में ताले बंद किए थे।ताले बंद होने के पश्चात विद्यालय के सहायक अध्यापक अजय सिंह, महेंद्र प्रताप, देवेंद्र चौबे, खालिद मुस्तफा अपने-अपने घरों को चले गए थे। मंगलवार सुबह जब विद्यालय का पूरा स्टाप विद्यालय पहुंचा तो वहां कमरों के टूटे ताले देख प्रधानाध्यापक समेत सभी शिक्षक अबाक रह गए। कमरे में रक्खा टैबलेट, साउंड तथा एमडीएम के बर्तन अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ले गए हैं। शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि चोरी की दोनों घटनाओं की तहरीर लेकर जांच की जा रही है जल्द ही दोनों घटनाओं का खुलासा किया जाएगा।
अज्ञात चोरों ने खाली पड़े घर और स्कूल को बनाया निशाना, हजारों रुपये का माल किया पार
