डिजिटल डेस्क, हरियाणा : पंजकूला क्षेत्र के खटौली गांव में नदी पर बना पुल अचानक धंस गया, जिससे हादसों का खतरा बढ़ गया। पुल धंसने की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने दोनों ओर से रास्ता बंद कर लोगों को दूसरे रास्ते से जाने के लिए जानकारी देनी शुरू कर दी।
बता दें कि मंगलवार को हुई बारिश से नदी में आए सैलाब के चलते पंचकूला क्षेत्र के खटौली गांव में पुल का हिस्सा धंस गया। पुल का हिस्सा धंसने के कारण एक बड़ा गढ्ढा बन गया है, जिससे यहां से गुजरने वाले वाहन चालक हादसे का शिकार हो सकते थे। हालांकि पंचकूला पुलिस प्रशासन ने तुरंत एहतियात बरतते हुए पुल को दोनों तरफ से बंद कर दिया। जिससे दोनों तरफ से यातायात को रोका जा सके और कोई वाहन या व्यक्ति हादसे का शिकार न हो। खासकर रात के समय वाहन चालकों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा साबित हो सकता है। ऐसे में स्थानीय प्रशासन लगातार लगा हुआ है और आने वाले लोगों को वैकल्पिक मार्ग से आवागमन करने के लिए जानकारी दे रहा है।

