डिजिटल डेस्क, कौशांबी : महेवाघाट थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव के पास शनिवार शाम यमुना नदी में नहाने गए तीन किशोरों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। नदी किनारे ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद कर लिए।
मृतकों की पहचान बृजेन्द्र निषाद (13) पुत्र सोनू निषाद, करन निषाद (12) और शनि निषाद (10) पुत्र राजेश निषाद, निवासी महेवाघाट के रूप में हुई है। करन और शनि सगे भाई थे।
जानकारी के मुताबिक, तीनों किशोर शनिवार शाम करीब 5:30 बजे यमुना में नहाने गए थे। नहाते समय वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया और शोर मचाकर ग्रामीणों को सूचना दी, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
सूचना मिलते ही महेवाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू कराई। काफी देर चले अभियान के बाद तीनों किशोरों के शव नदी से बाहर निकाले गए। थाना प्रभारी धीरेन्द्र सिंह के मुताबिक, तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
दो सगे भाइयों की मौत से परिवार में मचा कोहराम
एक साथ तीन किशोरों की मौत से महेवाघाट क्षेत्र में मातम छा गया। वहीं, दो सगे भाइयों की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में गम का माहौल है।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री ने कौशांबी में बच्चों के डूबने की घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घटना में किसी घायल के होने की स्थिति में समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

