- ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के लिए भरा था उड़ान
- चमोली जिले में जोशीमठ के पास चायी गांव के नजदीक हुआ हादसा
- हेलीकॉप्टर में पांच यात्रियों समेत पायलट था सवार, राहत एवं बचाव अभियान शुरू
डिजिटल डेस्क, देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में शुक्रवार को बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा जोशीमठ के पास चायी गांव के नजदीक होने की जानकारी सामने आई है। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत एविएशन का Airbus H125 हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्रधारा हेलीपैड के लिए रवाना हुआ था। उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के पास हेलीकॉप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद उसकी लोकेशन भी ट्रैकिंग सिस्टम पर मिलनी बंद हो गई। बाद में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि हुई।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीमें सक्रिय हो गईं। दुर्घटनास्थल दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान में चुनौतियां आ रही हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।दुर्घटना के कारणों का भी अभी पता नहीं चल सका है।
