डिजिटल डेस्क, दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के पूर्वी स्कूल ब्लाक क्षेत्र में नरवाना रोड पर दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान बुलडोजर की मदद से दो और तीन मंजिला अवैध मकानों को ढहाया जा रहा है। साथ ही सड़क किनारे जमा गिट्टी, बालू और बदरपुर को भी हटाया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नरवाना रोड पर लंबे समय से अवैध रूप से व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। सड़क किनारे निर्माण सामग्री का भंडारण होने से पूरी सड़क गोदाम में तब्दील हो गई थी। यहां गिट्टी, बालू और बदरपुर के ढेर लगे रहते थे। इसके अलावा ट्रैक्टरों की पार्किंग और गंदगी के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती थी।
अवैध कब्जों के चलते सड़क पर आवाजाही प्रभावित हो रही थी। स्थानीय लोगों की परेशानी को देखते हुए डीडीए की जमीन से कब्जे हटाने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान के तहत अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को भी हटाया जा रहा है।
