अपराधगौतम बुद्ध नगर

महागुन मायवुड्स में दर्दनाक हादसा, 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत

महागुन मायवुड्स में दर्दनाक हादसा, 23वीं मंजिल से गिरकर पिता-पुत्र की मौत
  • बेटे को बचाने के प्रयास में संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा, दोनों ने मौके पर तोड़ा दम
  • खाटू श्याम जाने की तैयारी कर रहा था परिवार, पूजा के लिए बालकनी में तोड़ रहे थे फूल

गौतमबुद्ध नगर, डिजिटल डेस्क: बिसरख कोतवाली क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार तड़के दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। टावर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव की जान चली गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालकनी में फूल तोड़ते समय बेटे का पैर फिसल गया। उसे बचाने के प्रयास में पिता भी संतुलन खो बैठे और दोनों नीचे गिर गए।

पुलिस के मुताबिक, रणदीप पात्रा अपनी पत्नी और बेटे के साथ टावर-23 में रहते थे। शुक्रवार सुबह परिवार को खाटू श्याम जाने के लिए निकलना था। घर में पूजा की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान रणदीप और उनका बेटा आरव बालकनी में सीढ़ी लगाकर फूल तोड़ रहे थे। पत्नी घर के अंदर तैयार हो रही थीं। तभी अचानक आरव का पैर सीढ़ी से फिसल गया और वह बालकनी से लटक गया। बेटे को बचाने के लिए रणदीप ने उसे संभालने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान उनका भी संतुलन बिगड़ गया। दोनों 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए।

घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे कंट्रोल रूम को महागुन मायवुड्स सोसाइटी में दो लोगों के ऊंचाई से गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अस्पताल भिजवाया। मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।