अपराधहापुड़

मकान पर गिरी आकाशीय बिजली, छत क्षतिग्रस्त; लाखों का इलेक्ट्रानिक सामान जला

मकान पर गिरी आकाशीय बिजली, छत क्षतिग्रस्त; लाखों का इलेक्ट्रानिक सामान जला
  • तेज धमाके से मकान की दीवारों में आईं दरारें, पूरी विद्युत वायरिंग फुंकी
  • जिस कमरे में गिरी बिजली, उसमें मौजूद युवती बाल-बाल बची
  • पीड़ित परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की

डिजिटल डेस्क, हापुड़। बृहस्पतिवार सुबह मौसम की गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरने से मोहल्ला चाह कमाल में एक मकान को भारी नुकसान पहुंचा। तेज धमाके के साथ बिजली मकान की छत पर गिरी, जिससे छत का हिस्सा टूट गया और दीवारों में गहरी दरारें पड़ गईं। हादसे के समय कमरे में मौजूद युवती बाल-बाल बच गई। हालांकि, घर की पूरी विद्युत वायरिंग जल गई और टीवी, फ्रिज, एसी, पंखे व इन्वर्टर समेत लाखों रुपये का सामान खराब हो गया।

कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला चाह कमाल निवासी आशीष गुप्ता ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह परिवार के सदस्य रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान अचानक बादलों की तेज गर्जना हुई और उनके मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। धमाका इतना तेज था कि पूरा मकान हिल गया। छत का एक हिस्सा टूट गया और कमरों की दीवारों में चौड़ी दरारें आ गईं।

हादसे के समय आशीष की बहन उसी कमरे में मौजूद थी, जिसकी छत पर बिजली गिरी थी। युवती के मुताबिक, बिजली गिरते ही कमरे में तेज सफेद रोशनी फैल गई और जोरदार धमाके से पूरा मकान दहल उठा। स्वजन ने तत्काल उसे कमरे से बाहर निकाला। गनीमत रही कि उसे कोई चोट नहीं आई।

घरेलू उपकरण भी हुए खराब

आकाशीय बिजली के प्रभाव से मकान की आंतरिक विद्युत वायरिंग पूरी तरह जल गई। घर में रखे टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर, पंखे, इन्वर्टर, चार्जर समेत अन्य इलेक्ट्रानिक उपकरण खराब हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार, हादसे में कई लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

घटना के बाद मोहल्ले के लोगों की भीड़ जुट गई। आशीष गुप्ता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर प्रशासनिक टीम से मकान और घरेलू सामान को हुए नुकसान का आकलन कराने की मांग की है। उन्होंने आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी गुहार लगाई है। एडीएम संदीप सिंह ने बताया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद दिलाई जाएगी।