देशदिल्ली

पश्चिम एशिया में तनाव का असर: एअर इंडिया ने सऊदी अरब की तीन प्रमुख उड़ानों पर लगाई रोक

पश्चिम एशिया में तनाव का असर: एअर इंडिया ने सऊदी अरब की तीन प्रमुख उड़ानों पर लगाई रोक
  • जेद्दा, रियाद और दम्माम से आने-जाने वाली उड़ानें 14 नवंबर तक रहेंगी निलंबित
  • प्रभावित यात्रियों को 29 नवंबर तक एक बार मुफ्त रीबुकिंग और टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड मिलेगा

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच हवाई यात्रा पर भी असर पड़ने लगा है। सुरक्षा और परिचालन परिस्थितियों को देखते हुए एअर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के तीन प्रमुख शहरों जेद्दा, रियाद और दम्माम के लिए अपनी सभी उड़ानें 14 नवंबर तक निलंबित रखने का फैसला किया है। इस फैसले से प्रभावित यात्रियों को राहत देने के लिए एयरलाइंस ने रीबुकिंग और रिफंड की विशेष व्यवस्था की है।

एयरलाइन प्रबंधन के अनुसार, 30 अक्टूबर या उससे पहले जारी कन्फर्म टिकट वाले ऐसे यात्री, जिनकी यात्रा 14 नवंबर तक निर्धारित थी, बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के एक बार 29 नवंबर तक अपनी यात्रा रीबुक करा सकेंगे। एअर इंडिया के यात्री सऊदी अरब के किसी अन्य चालू स्टेशन के लिए टिकट बदलवा सकते हैं। वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के यात्रियों को सऊदी अरब या बहरीन के किसी भी चालू स्टेशन के लिए रीबुकिंग का विकल्प दिया गया है। इसके अलावा जो यात्री अपनी यात्रा रद करना चाहते हैं, उन्हें टिकट का पूरा रिफंड दिया जाएगा। एयरलाइंस ने प्रभावित यात्रियों को अपनी यात्रा से संबंधित जानकारी और विकल्पों के लिए आधिकारिक माध्यमों से संपर्क करने की सलाह दी है।