देशलखनऊ

यूपी में बाढ़ से 37 जिले प्रभावित, 19,454 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; 5.94 लाख लंच पैकेट बांटे

यूपी में बाढ़ से 37 जिले प्रभावित, 19,454 लोगों को सुरक्षित निकाला गया; 5.94 लाख लंच पैकेट बांटे

डिजिटल डेस्क, लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बाढ़ का संकट बना हुआ है। प्रभावित जिलों में योगी सरकार का राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर जारी है। राहत आयुक्त कार्यालय के मुताबिक प्रदेश में अब तक 37 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं, जबकि वर्तमान में 25 जिलों में बाढ़ का प्रभाव बना हुआ है।

प्रशासन ने अब तक 19,454 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। रविवार को ही 8,264 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। राहत एवं बचाव कार्य के लिए 2,075 नाव और मोटरबोट का इस्तेमाल किया जा रहा है।

5.94 लाख लंच पैकेट और 1.03 लाख राहत किट वितरित

बाढ़ प्रभावित परिवारों तक भोजन और जरूरी सामग्री पहुंचाने के लिए बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 5.94 लाख से अधिक लंच पैकेट और 1.03 लाख से ज्यादा बाढ़ राहत किट वितरित की जा चुकी हैं। रविवार को 63,955 लंच पैकेट और 11,249 खाद्यान्न पैकेट बांटे गए।

स्वास्थ्य सेवाओं पर भी फोकस

बाढ़ के बाद संक्रमण और जलजनित बीमारियों की आशंका को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखा गया है। प्रभावित क्षेत्रों में 1,072 मेडिकल टीमें गठित की गई हैं। इसके अलावा 6.47 लाख से अधिक क्लोरीन टैबलेट और 2.49 लाख से ज्यादा ओआरएस पैकेट वितरित किए गए हैं।

1,315 बाढ़ शरणालयों में 6,698 लोग

बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित आश्रय देने के लिए प्रदेश में 1,315 बाढ़ शरणालय स्थापित किए गए हैं। इनमें फिलहाल 6,698 लोग रह रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक अब तक बाढ़ से किसी व्यक्ति की जनहानि या पशुहानि दर्ज नहीं हुई है।

बाढ़ से 1,272 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिनमें 1,002 प्रभावित परिवारों को सहायता वितरित की जा चुकी है। सरकार और प्रशासन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं।

बाढ़ प्रभावित प्रमुख जिले: अयोध्या, आजमगढ़, बहराइच, बदायूं, बलिया, बाराबंकी, बस्ती, चंदौली, फर्रुखाबाद, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, हरदोई, कासगंज, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, मिर्जापुर, मुरादाबाद, प्रयागराज, रायबरेली, रामपुर, संत कबीर नगर, शाहजहांपुर, उन्नाव और वाराणसी।