देशकानपुर देहात

किसान समृद्धि योजना के तहत बाजरा फसल का हुआ स्थलीय सत्यापन, अधिकारियों ने किसानों को दिए जरूरी सुझाव

किसान समृद्धि योजना के तहत बाजरा फसल का हुआ स्थलीय सत्यापन, अधिकारियों ने किसानों को दिए जरूरी सुझाव

डिजिटल डेस्क, कानपुर देहात : पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना के अंतर्गत संचालित परियोजनाओं में कराए गए फसल उत्पादन कार्यों का रविवार को स्थलीय निरीक्षण एवं सत्यापन किया गया। भूमि संरक्षण अधिकारी, कानपुर देहात ने किशवाखेड़ा प्रथम, किशवाखेड़ा द्वितीय और दिरवापुर परियोजना क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खेतों में बाजरा फसल की स्थिति, गुणवत्ता और वृद्धि का जायजा लिया। साथ ही किसानों द्वारा अपनाई जा रही कृषि तकनीकों की जानकारी ली गई और योजना के तहत कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक परियोजना क्षेत्रों में बाजरा फसल की स्थिति संतोषजनक पाई गई। किसानों से संवाद कर फसल उत्पादन से जुड़ी जानकारी भी ली गई। इस दौरान किसानों को फसल की नियमित निगरानी, पोषण प्रबंधन और कीट एवं रोग नियंत्रण को लेकर आवश्यक सुझाव दिए गए।

भूमि संरक्षण विभाग के अनुसार पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ कृषि उत्पादन और उत्पादकता में वृद्धि करना है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है।