डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : दिल्ली के सत्य निकेतन में पीजी इमारत गिरने की दर्दनाक घटना के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर हादसे में घायल छात्रों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती घायल छात्रों से मुलाकात की और उनके उपचार एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली। हालांकि, मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से फिलहाल उन छात्रों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, जिनसे मुख्यमंत्री ने मुलाकात की।
मुख्यमंत्री ने घायल छात्रों का इलाज कर रहे डॉक्टरों और मेडिकल टीम से बातचीत कर उनकी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को हर जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उपचार में किसी तरह की कमी न रहे। सभी घायल डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका उपचार जारी है।
परिवारों के संपर्क में दिल्ली सरकार
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायल छात्रों के परिवारों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। सरकार की ओर से परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने घायल छात्रों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
हादसे के बाद अस्पताल में बढ़ाई गई निगरानी
सत्य निकेतन में बहुमंजिला पीजी इमारत गिरने के बाद कई लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। एम्स ट्रॉमा सेंटर में भी कई घायल लाए गए थे। रविवार शाम मुख्यमंत्री ने अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से घायलों की स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री इससे पहले घटनास्थल पर भी पहुंची थीं और राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की थी। उन्होंने अधिकारियों को मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और राहत-बचाव अभियान में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए थे।

