डिजिटल डेस्क, बागपत : ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को कैंटर ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्ची समेत 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल बताए जा रहे हैं। कई घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें दिल्ली और मेरठ रेफर किया गया है।
हादसा बड़ागांव टोल के पास करीब रात 12:30 बजे हुआ। बताया गया कि बदायूं के अल्हापुर गांव के लोग राजस्थान स्थित बांगड़ धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कैंटर ने उनकी पिकअप में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलट गई। कई श्रद्धालु वाहन के नीचे दब गए, जिन्हें पुलिस ने राहगीरों की मदद से बाहर निकाला।
पुलिस के मुताबिक पिकअप में कुल 32 लोग सवार थे। हादसे में मृतकों में अभी रामेश्वर निवासी अल्हापुर की पहचान हो सकी है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
छोटे पिकअप में 32 सवार, नियमों की अनदेखी
हादसे के बाद वाहन में क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने का मामला भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि छोटे पिकअप में जुगाड़ के जरिए ऊपर-नीचे बैठने की व्यवस्था की गई थी, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी सवार थे। यात्रियों को ढोने के लिए निर्धारित नहीं होने के बावजूद वाहन से लंबी दूरी की यात्रा कराई जा रही थी। ओवरलोडिंग और सुरक्षा नियमों की अनदेखी हादसे की गंभीर वजहों में शामिल मानी जा रही है।
दो दिन में श्रद्धालुओं के वाहनों के दो हादसे
बागपत में श्रद्धालुओं के वाहनों के साथ लगातार दूसरे दिन बड़ा हादसा हुआ है। इससे एक दिन पहले दिल्ली-सहारनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर राष्ट्रवंदना चौक के पास ईंटों से भरे मिनी ट्रक ने श्रद्धालुओं से भरी बस को टक्कर मार दी थी। उसमें भी कई श्रद्धालु घायल हुए थे। लगातार हो रहे हादसों ने ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। अधिकारियों ने चिकित्सकों को घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

