देशदिल्ली

LPG सिलेंडर बुकिंग नियम में बड़ा बदलाव, अब 25 दिन में कर सकेंगे रीफिल बुक

LPG सिलेंडर बुकिंग नियम में बड़ा बदलाव, अब 25 दिन में कर सकेंगे रीफिल बुक

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली : घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए केंद्र सरकार ने रीफिल बुकिंग के अंतराल में बड़ा बदलाव किया है। सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में लागू 45 दिन के इंटर-रीफिल बुकिंग गैप को घटाकर 25 दिन कर दिया है। अब शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों के घरेलू एलपीजी उपभोक्ता अगला सिलेंडर 25 दिन के अंतराल के बाद बुक कर सकेंगे।

केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पेट्रोलियम मंत्रालय ने ऑयल मार्केटिंग कंपनियों (OMCs) को संशोधित व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए हैं।

ग्रामीण उपभोक्ताओं को सबसे बड़ी राहत

इस फैसले से सबसे ज्यादा राहत ग्रामीण क्षेत्र के उन उपभोक्ताओं को मिलेगी, जिन्हें अब तक अगली रिफिल बुक कराने के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ता था। अब ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के लिए बुकिंग का अंतराल समान 25 दिन रहेगा।

सरकार के मुताबिक, एलपीजी आपूर्ति की स्थिति में सुधार और रिफिल बैकलॉग में पर्याप्त कमी आने के बाद यह पाबंदी कम की गई है। पहले मध्य-पूर्व में तनाव के चलते एलपीजी आपूर्ति पर दबाव को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन का अंतराल निर्धारित किया गया था।

अब पूरे देश में एक समान नियम

नई व्यवस्था के तहत सभी घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं, चाहे वे ग्रामीण क्षेत्र में रहते हों या शहरी क्षेत्र में, अगली रिफिल 25 दिन के अंतराल पर बुक कर सकेंगे। इससे ग्रामीण उपभोक्ताओं को लंबे इंतजार से राहत मिलने के साथ ही एलपीजी बुकिंग व्यवस्था में भी समानता आएगी।