डिजिटल डेस्क, गौतमबुद्ध नगर। ऑनलाइन खरीदारी में धोखाधड़ी का एक हैरान करने वाला मामला दनकौर कोतवाली क्षेत्र के समसपुर गांव से सामने आया है। यहां एक युवक ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से एंड्राइड फोन का आर्डर किया था। मंगलवार को डिलीवरी मिलने के बाद जब उसने पैकेट खोला तो मोबाइल फोन की जगह डिब्बे में गोबर जैसा पदार्थ रखा मिला। मामला सामने आने के बाद युवक ने डिलीवरी से मिले पैकेट का वीडियो बनाया और उसे इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
समसपुर गांव निवासी आकाश के अनुसार उसने कुछ दिन पहले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से एंड्राइड फोन का आर्डर किया था। आर्डर करने के बाद वह निर्धारित समय पर डिलीवरी का इंतजार कर रहा था। मंगलवार को डिलीवरी एजेंट उसके पते पर पैकेट लेकर पहुंचा। सामान लेने के बाद आकाश ने जब पैकेट खोला तो उसमें मोबाइल फोन नहीं था। डिब्बे के अंदर गोबर जैसा पदार्थ रखा हुआ था।
अचानक मोबाइल के स्थान पर ऐसा पदार्थ मिलने से युवक हैरान रह गया। आकाश का आरोप है कि ऑनलाइन सामान मंगाने के नाम पर उसके साथ धोखाधड़ी की गई है। इसके बाद उसने पूरे मामले का वीडियो बनाया। वीडियो में युवक डिलीवरी से मिले पैकेट और उसके अंदर मौजूद पदार्थ को दिखाते हुए मामले की जानकारी देता नजर आ रहा है। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया।
पीड़ित ने मामले की शिकायत दनकौर कोतवाली की साइबर सेल में की है। उसने पुलिस से ऑनलाइन आर्डर के नाम पर हुई कथित धोखाधड़ी की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आर्डर, भुगतान, पैकेजिंग और डिलीवरी से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मोबाइल फोन की जगह डिब्बे में पदार्थ कैसे पहुंचा और इस पूरे मामले में किसकी भूमिका है।

