डिजिटल डेस्क, बरेली। 26 सितंबर 2025 को हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कैंट थाना पुलिस ने फरीदापुर चौधरी निवासी रफीक बेग और मुख्तियार अहमद को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दोनों के नाम सामने आए थे।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों के 19 सितंबर को हुई एक बैठक में शामिल होने और घटना वाले दिन भीड़ के साथ इस्लामिया ग्राउंड की ओर जाने की जानकारी सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी की कार्रवाई की।
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में सामने आए वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, हिंसा से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

