रवि शर्मा, कानपुर: कानपुर के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में सोमवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी छापेमारी की। दलाली, अवैध वसूली और भ्रष्टाचार की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी का नेतृत्व एसडीएम सदर अभिनव सिंह और एडीसीपी ऑपरेशन्स सुमित सुधाकर रामटेके ने किया।
कार्रवाई के दौरान करीब 50 से 60 पुलिसकर्मियों ने आरटीओ परिसर को चारों ओर से घेर लिया। छापेमारी शुरू होने से पहले ड्रोन कैमरों की मदद से पूरे परिसर की निगरानी की गई ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा सके। इसके बाद पुलिस ने आरटीओ कार्यालय के दोनों मुख्य गेट बंद कर दिए और लोगों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से आरटीओ परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासन की टीम ने परिसर में मौजूद लोगों के पहचान पत्र और दस्तावेजों की जांच की। इस दौरान कई ऐसे लोग मिले जिनकी मौजूदगी और गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि आरटीओ कार्यालय में दलालों की सक्रियता और आम लोगों से अवैध वसूली की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थीं। इन्हीं शिकायतों की सत्यता जांचने और व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।

