अध्यात्मिकलखनऊ

60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योगी सरकार की सौगात, यूपी रोडवेज बसों में मिलेगा मुफ्त सफर

60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योगी सरकार की सौगात, यूपी रोडवेज बसों में मिलेगा मुफ्त सफर

रवि शर्मा, लखनऊ : उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की वरिष्ठ महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए उनके लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाएं उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में बिना किराया दिए यात्रा कर सकेंगी। सरकार की इस पहल को महिला सम्मान और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना का उद्देश्य वरिष्ठ महिलाओं को आर्थिक राहत प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सुविधाजनक आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इससे विशेष रूप से उन महिलाओं को लाभ मिलेगा जो धार्मिक, सामाजिक या पारिवारिक कारणों से नियमित रूप से यात्रा करती हैं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के शुभारंभ के अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके नाम पर शुरू की गई यह योजना मातृशक्ति को समर्पित है।

परिवहन विभाग के अनुसार योजना लागू होने के साथ ही प्रदेश भर में इसकी व्यवस्था शुरू कर दी गई है। पात्र महिलाओं को निर्धारित पहचान पत्र के आधार पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी।