रवि शर्मा , कानपुर : गंगा बैराज के पास नत्थापुरवा क्षेत्र के बाहरी इलाके में गुरुवार को एक दर्दनाक विमान हादसा हो गया। गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से उड़ान भरने वाला 4-सीटर डुअल इंजन ट्रेनिंग विमान (टेकनम एयरक्राफ्ट) दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार इंस्ट्रक्टर और ट्रेनी पायलट की मौत हो गई।
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल के अनुसार 27 अगस्त 2026 को सुबह करीब 11:30 बजे गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से विमान ने प्रशिक्षण उड़ान के लिए टेक-ऑफ किया था। उड़ान भरने के लगभग 20 मिनट बाद, करीब 11:50 बजे थाना ग्वालटोली क्षेत्र के ग्राम नत्थापुरवा के बाहरी इलाके में विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हादसे में विमान में सवार इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया निवासी गुजरात तथा ट्रेनी पायलट अभिषेक पुजारी निवासी कर्नाटक की मौके पर ही मृत्यु हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है तथा विमान के मलबे को जांच के लिए संरक्षित किया गया है। हादसे की सूचना नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को दे दी गई है। अब दुर्घटना के कारणों की विस्तृत तकनीकी जांच DGCA की टीम द्वारा की जाएगी।

