देशफर्रुखाबाद

बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, अवर अभियंता को जमीन पर गिराकर पीटा

बिजली चोरी पकड़ने गई टीम पर हमला, अवर अभियंता को जमीन पर गिराकर पीटा
  • मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल, हाथ में फ्रैक्चर का आरोप

सत्यम कटियार, संवाददाता
फर्रुखाबाद: फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद गृहस्वामी और उसके बेटे ने अवर अभियंता के साथ हाथापाई शुरू कर दी। इस दौरान अवर अभियंता को जमीन पर गिराकर पीटा गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब दो बजे अवर अभियंता मुख्तार हुसैन और उपखंड अधिकारी अजय कुमार के नेतृत्व में विद्युत विभाग की टीम लोको रोड स्थित बरसाती गैराज के सामने सुभाष अहिरवार के घर चेकिंग करने पहुंची थी। टीम के मुताबिक जांच के दौरान बिजली चोरी का मामला सामने आया, जिसके बाद कर्मचारी साक्ष्य जुटा रहे थे।

आरोप है कि इसी दौरान सुभाष अहिरवार और उसके बेटे रजत कुमार ने अवर अभियंता मुख्तार हुसैन से विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। आरोप है कि अवर अभियंता को जमीन पर गिराकर पीटा गया, जिससे वह घायल हो गए और उनके एक हाथ में फ्रैक्चर हो गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायल अवर अभियंता ने आरोपियों के खिलाफ फतेहगढ़ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने उनका लोहिया अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया।

फतेहगढ़ कोतवाल विजय सिंह ने बताया कि घायल अवर अभियंता का मेडिकल कराया गया है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।