देशदिल्ली

मेट्रो बदरपुर बार्डर तक सीमित, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हो रही परेशानी

मेट्रो बदरपुर बार्डर तक सीमित, दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हो रही परेशानी
  • दिल्ली की ओर जाने का साधन नहीं मिलने पर वापस लौटने को मजबूर हुए यात्री
  • टैक्सी चालकों को भी सुबह से नहीं मिले यात्री, कामकाज प्रभावित

डिजिटल डेस्क, फरीदाबाद : दिल्ली में प्रदर्शन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेट्रो सेवा बल्लभगढ़ से बदरपुर बार्डर तक सीमित रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को बदरपुर बार्डर से आगे जाने का साधन नहीं मिला। इसके चलते कई यात्रियों को अपना सफर बीच में छोड़कर वापस घर लौटना पड़ा।

ऊंचा गांव निवासी बलराज ने बताया कि उन्हें दिल्ली जाना था, लेकिन बदरपुर बार्डर से आगे जाने का कोई साधन नहीं मिला। ऐसे में उन्हें वापस घर लौटना पड़ रहा है। होडल निवासी अमरचंद भी दिल्ली जाने के लिए निकले थे, लेकिन मेट्रो सेवा आगे तक नहीं मिलने के कारण उन्हें वापस होडल जाना पड़ा।

दुर्गापुर निवासी मनदीप सिंह ने बताया कि उन्हें बदरपुर बार्डर से आगे जाना था, लेकिन दिल्ली की ओर रास्ते बंद होने के कारण वह अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में उन्होंने भी वापस गांव लौटने का फैसला किया।

टैक्सी चालकों का काम प्रभावित

मेट्रो सेवा सीमित होने का असर टैक्सी चालकों पर भी पड़ा। सेक्टर-आठ निवासी पंकज कुमार ने बताया कि वह बल्लभगढ़ बस अड्डे के पास मेट्रो से आने-जाने वाले यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए टैक्सी चलाते हैं। उनके अनुसार, सुबह आठ बजे से कोई भी यात्री टैक्सी में बैठने नहीं आया। यात्रियों की आवाजाही प्रभावित होने से उन्हें काम नहीं मिल रहा है।