देशदिल्ली

दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर भी दिखेगा कोच में यात्रियों की भीड़ का लाइव स्टेटस

दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन पर भी दिखेगा कोच में यात्रियों की भीड़ का लाइव स्टेटस
  • ट्रेन आने से पहले प्लेटफार्म पर लगी स्क्रीन पर मिलेगी प्रत्येक कोच में यात्रियों की संख्या का अनुमान
  • मैजेंटा लाइन की तर्ज पर शुरू हुई सुविधा, कम भीड़ वाले कोच में सफर करना होगा आसान
  • लोड सेंसर से मापा जाएगा कोच का वजन, उसी आधार पर प्रदर्शित होगा भीड़ का प्रतिशत

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन में सफर करने वाले यात्रियों को अब ट्रेन के कोच में भीड़ की स्थिति की जानकारी प्लेटफार्म पर ही मिल सकेगी। दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन (डीएमआरसी) ने मैजेंटा लाइन के बाद अब पिंक लाइन पर भी रियल टाइम कोच ऑक्यूपेंसी स्टेटस दिखाने की सुविधा शुरू कर दी है। इससे यात्री ट्रेन आने से पहले ही पता लगा सकेंगे कि किस कोच में अपेक्षाकृत कम भीड़ है। इसके अनुसार वे प्लेटफार्म पर अपनी जगह तय कर सकेंगे।

डीएमआरसी के अनुसार, मैजेंटा लाइन पर वर्ष 2022 से यह सुविधा उपलब्ध है। यात्रियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद इसे पिंक लाइन पर भी लागू किया गया है। इसके तहत प्लेटफार्म पर लगे पैसेंजर इंफार्मेशन डिस्प्ले सिस्टम (पीआइडीएस) की स्क्रीन पर ट्रेन के प्रत्येक कोच (सी-1 से सी-6) में यात्रियों की भीड़ का अनुमान प्रतिशत में दिखाया जाएगा।

लोड सेंसर से मिलेगी जानकारी

इस सुविधा के लिए कोच में लोड सेंसर लगाए गए हैं। ये सेंसर कोच के मौजूदा वजन की तुलना उसके खाली वजन से करते हैं। इसके आधार पर यात्रियों की संख्या और भीड़ का अनुमानित प्रतिशत तैयार होता है। ट्रेन के प्लेटफार्म पर पहुंचने से कुछ समय पहले यह जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित कर दी जाती है।

डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कारपोरेट कम्युनिकेशन) अनुज दयाल के अनुसार, इस सुविधा से पीक आवर में यात्रियों को विशेष राहत मिलेगी। कम भीड़ वाले कोच की जानकारी मिलने से यात्रियों का भार सभी कोच में समान रूप से वितरित करने में मदद मिलेगी। इससे प्लेटफार्म पर कोच तलाशने में लगने वाला समय और अनावश्यक भागदौड़ भी कम होगी।