अपराधदिल्ली

दिल्ली: जूता फैक्ट्री में आग से मची तबाही, चार श्रमिकों की मौत, दो गंभीर

दिल्ली: जूता फैक्ट्री में आग से मची तबाही, चार श्रमिकों की मौत, दो गंभीर
  • मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात हुआ हादसा, छह लोगों को बेहोशी की हालत में निकाला गया
  • कई घंटे तक चला दमकल विभाग का बचाव अभियान, आग लगने के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

डिजिटल डेस्क, दिल्ली : दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात एक जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग ने चार लोगों की जान ले ली। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। फैक्ट्री के अंदर फंसे सभी छह लोगों को दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। उन्हें बेहोशी की हालत में संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक के बी-293/294 स्थित जूता फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकलकर्मियों ने तत्काल आग बुझाने के साथ फैक्ट्री के अंदर फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।

फैक्ट्री के अंदर धुआं और आग फैलने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकलकर्मियों ने कई घंटे के प्रयास के बाद छह लोगों को बाहर निकाला। सभी बेहोशी की हालत में थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चार लोगों को बचाया नहीं जा सका।

हादसे के बाद पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर जांच में जुटी रहीं। फैक्ट्री में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही आग से हुए नुकसान और सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।