फर्जी फर्मों से करोड़ों की GST धोखाधड़ी का खुलासा,दो आरोपी गिरफ्तार

बरेली । केंट थाना इज्जतनगर और भमोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी फर्मों के माध्यम से करोड़ों रुपये की GST धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने करीब 5 करोड़ रुपये से अधिक की GST धोखाधड़ी की है और इनके नाम पर पंजीकृत कई अन्य फर्जी फर्मों की भी जांच की जा रही है।

पुलिस जांच में GST धोखाधड़ी के कई तथ्य सामने आये

पुलिस ने 30 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर न्योरा पेट्रोल पंप के पास से राहुल गुप्ता (33) निवासी संभल और गोविंद गुप्ता (36) निवासी बरेली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में फर्जी फर्मों और बैंक खातों के जरिए GST धोखाधड़ी तथा वित्तीय अनियमितताओं के अहम तथ्य सामने आए हैं। मामले में अमित गुप्ता और प्रशांत गुप्ता की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

कार,मोबाइल समेत GSTऔर बैंक से जुड़े कई दस्तावेज बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक कार, 9 मोबाइल फोन, 37 एटीएम/डेबिट कार्ड, 12 पैन कार्ड, 21 आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्र, 36 चेकबुक, 17 बैंक पासबुक, 5 हस्ताक्षरित ब्लैंक चेक, 6 फर्जी फर्मों की मुहरें, 8 यूपीआई/QR स्कैनर, रजिस्टर, डायरी तथा जीएसटी और बैंकिंग से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं।

मामले से जुड़े लोगों ,फर्मों की पुलिस कर रही जांच

पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट, इज्जतनगर और भमोरा में दर्ज मामलों में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी फर्मों की जांच भी जारी है।